Spread the love

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने महिलाओं के साथ हो रहे जघन्य अपराधों पर भाजपा पर ताबड़तोड़ हमले बोले। उन्होंने कुल्लू जिले के मनाली में दो वर्षीय मासूम के साथ हुए जघन्य अपराध को लेकर भाजपा को आड़े हाथ लिया और कहा कि भाजपा राज में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। गुजरात का जिक्र करते हुए उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार को भी घेरा और आरोप लगाया कि भाजपा दुराचारियों के बल पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने वहां दुराचार के दोषी पाए गए 11 लोगों को छोड़े जाने की घटना को महिलाओं को अपमान करार दिया और कहा कि कांग्रेस इसके खिलाफ लगातार संघर्ष कर रही है और करती रहेगी, क्योंकि कांग्रेस ने यह चुनावी नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्म सम्मान और उनकी सुरक्षा का मामला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों को लेकर कांग्रेस की जीरो टालरेंस की नीति है।

श्रीनेत ने आज यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कुल्लू जिले के मनाली में 2 वर्षीय मासूम के साथ हुए जघन्य अपराध उन्हें काफी विचलित किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से साफ है कि इस भाजपा शासित इस राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। क्योंकि कुछ दिन पहले एक महिला का जला हुआ शव बरामद होता है और नेरवा में घास काटने गई महिला का शव पेड़ पर टंगा हुआ मिलता है। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं विचलित करने वाली हैं और इस पर कांग्रेस चुप बैठकर नहीं रह सकती। उन्होंने कहा कि 2017 में गुड़िया प्रकरण के बाद भाजपा ने गुड़िया हैल्पलाइन स्थापित की और इस पर 8500 शिकायतें दर्ज हुई है, लेकिन किसीपर भी रती भर कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का दंभ भरने वाली भाजपा की केंद्र और हिमाचल सरकार के नेताओं के मुंह से मनाली की घटना पर दो शब्द भी नहीं निकले।

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा शासित कई राज्यों में महिलाओं के साथ कई जघन्य अपराध हुए हैं। पड़ोसी उत्तराखंड में एक भाजपा नेता के होटल में एक युवती को जबरन जिस्मफरोशी के दलदल में धकेला जा रहा था और मना करने पर नेता पुत्र ने उसकी हत्या कर दी और वहां की सरकार और प्रशासन ने होटल पर बुलडोजर चलाकर सारे सबूत नष्ट कर दिए। उन्होंने उत्तर प्रदेशऑ के हाथरस, उन्नाव, लखीमपुर और त्रिपुरा में महिलाओं के घटी भवावह घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने आरोपियों को बचाने का कार्य किया है और पीड़ित को कोई न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर में भाजपा नेता एक औरत का चीरहरण करते हैं और कोई कार्रवाई नहीं होती है।

सुप्रिया श्रीनेत ने हरियाणा सरकार द्वारा राम रहीम को पेरोल पर छोड़े जाने पर भी हमला बोला और कहा कि हिमाचल के एक मंत्री उनसे वोट के रूप में आशीर्वाद मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि कठुआ में दुराचार करने वालों के समर्थन में प्रदर्शन होते हैं और कोई कार्रवाई नहीं होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और खासकर भाजपा की नेत्रियों से पूछा कि वे ऐसी घटनाओं पर क्या कर रही हैं। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि दुराचार करने वालों को सरकार और प्रशान से संरक्षण दिया जा रहा है और इससे उनके हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दुराचार के मामलों पर राजनीति के खिलाफ हैं, लेकिन विपक्ष के नाते उन्हें इन मामलों पर बोलना पड़ता है, ताकि सरकार दोषियों पर ठोस कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की चिंता बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा की है और इसके लिए सरकार से कार्रवाई के लिए दबाव डालना उनका दायित्व है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *