शिमला। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है पर्यटक हिमाचल की ठंडी वादियों की ओर आ रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। होटलों में आक्युपेंसी 80 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो शुक्रवार को 60 प्रतिशत तक बताई जा रही थी। शनिवार को प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है।
अधिकतर पर्यटक ग्रामीण क्षेत्रों की तरफ ज्यादा जा रहे हैं। रविवार के अलावा सोमवार को भी अवकाश है, ऐसे में पर्यटन कारोबार के और बढऩे का अनुमान है। शनिवार को धूप खिलने से तापमान में वृद्धि हुई है और पहाड़ पर गर्मी के तेवर कड़े रहे। ये अलग बात है कि मैदानी राज्यों में पड़ रही गर्मी से पर्यटकों को बहुत राहत मिल रही है। 15 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और चोटियों पर हिमपात व अन्य स्थानों पर बारिश पर्यटन कारोबार को पंख लगाने का काम कर सकती है।
रोहतांग व कुल्लू-मनाली में पर्यटक ज्यादा
इन दिनों प्रदेश के सभी पर्यटन स्थलों में रोहतांग व कुल्लू, मनाली में पर्यटकों की संख्या सबसे अधिक है। इसके बाद शिमला के कुफरी, नारकंडा में अधिक पर्यटक पहुंच रहे हैं।
सेब के बगीचे व देवदार के जंगल लुभा रहे
दूसरे राज्यों से आने वाले पर्यटक प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की सैर करने के साथ मंदिरों में भी जा रहे हैं। पर्यटकों को सेब के बगीचे और देवदार के जंगल लुभा रहे हैं।
