ग्राम पंचायत टूटू-मजठाई के वरिष्ठ नागरिक व जिला शिमला ग्रामीण कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष उत्तम सिंह कश्यप का मानना है कि शिमला ग्रामीण विधान सभा चुनाव के लिए प्रत्याशी का चुनाव उनकी योग्यता, जन समस्याओं की निष्पादन क्षमता और अनुभव के आधार पर किया जाना चाहिए ।

महज राजनैतिक विचारधारा ही मापदंड नहीं होना चाहिए ।
उत्तम सिंह कश्यप ने सोमवार को जाठिया देवी जोन में विक्रमादित्य सिंह की बहन अपराजिता सिंह के साथ डोर टू डोर प्रचार करने के पश्चात बयान जारी करते हुए शिमला ग्रामीण मंडल में गत 10 वर्षों में स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह और विक्रमादित्य सिंह द्वारा अपने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विधायक रहते हुए किए गए करोड़ों के विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए विक्रमादित्य सिंह को बहुमतों से विजयी करने की अपील की ।

उत्तम कश्यप का कहना है कि पूर्व मुख्य मंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के शिमला ग्रामीण के विधायक के रूप में 1500 करोड़ रुपए और वर्तमान विधायक विक्रमादित्य सिंह द्वारा करवाए गए 110 करोड़ रुपए के विभिन्न विकासात्मक कार्यों के प्रति आभार स्वरूप विक्रमादित्य सिंह को भारी मतों से विजयी किया जाना चाहिए ।

उत्तम कश्यप ने कहा कि शिमला ग्रामीण विधान सभा क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है जिसे विक्रमादित्य सिंह के रूप ऐसा विधायक मिला है, जिसे विकास की दृष्टि से कुशल और स्वच्छ राजनीति का अनुभव स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह जी से विरासत में मिला है । विक्रमादित्य सिंह को विधान सभा में जन समस्याओं को तथ्यों सहित प्रभावी ढंग से उठाते हुए सभी ने देखा है ।
यह पहली बार हुआ है कि किसी विधायक ने राजनैतिक द्वेष भावना से उठकर अपने विधान सभा क्षेत्र की सभी पंचायतों के समग्र विकास के लिए विधायक आपके द्वार कार्यक्रम और जन जागरण कार्यक्रमों के माध्यम से गांव गांव जा कर विकास के कार्यों से जुड़े विषयों को सुना, समझा और उनके समाधान के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई । इतना ही नहीं, वह सभी आम व खास लोगों के सुख और दुख में शामिल होने के साथ साथ लोगों के सामूहिक तथा व्यक्तिगत सामाजिक तथा धार्मिक आयोजनों में अक्सर उपस्थित होते हैं ।
