ग्राम पंचायत टुटू-मजठाई की ग्राम सभा शुक्रवार को मजठाई स्थित पंचायत घर के सभागार में पूर्ण कोरम के साथ सम्पन्न हुई। पिछले महीने 5 नवम्बर को पंचायत प्रधान के लिए हुए उप-चुनाव में नव-निर्वाचित प्रधान, उत्तम सिंह कश्यप की अध्यक्षता में पहली बार हुई ग्राम सभा की बैठक में पंचायत के चल रहे कार्यों की समीक्षा तथा वर्ष 2024-25 के लिए प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा की गई ।

ग्रामीणों को मनरेगा के अंतर्गत विभिन्न कार्यों के लिए पंचायत के पास अपने आवेदन पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया ।
इस दौरान ग्रामीणों ने वर्ष 2024-25 की शेल्फ के लिए विभिन्न विकास कार्यों की मांगे रखी । इस अवसर पर कम्युनिटी रिसोर्स पर्सन मोनिका शर्मा ने सभी वार्ड सदस्यों को स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों का अपने अपने वार्ड में प्रचार प्रसार करने बारे संबोधित किया ।
पंचायत प्रधान ने ग्राम सभा में ग्रामीणों की उत्साहजनक उपस्थिति तथा वांछित कोरम से अधिक संख्या में पधारने पर उनके प्रति आभार व्यक्त किया ।

उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए ग्रामीणों को अपने घरों तथा घरों के आसपास साफ- सफाई रखने तथा युवाओं को नशाखोरी जैसी बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया । उन्होंने घरों के बड़े-बुजुर्गों को अपने बच्चों को नशे तथा बुरी संगत से दूर रखने के उद्देश्य से निगरानी रखने का भी आह्वान किया ।
ग्राम सभा की बैठक का शुभारंभ करते हुए पंचायत उप-प्रधान, केश्पा राम ने पूर्व दिवंगत प्रधान बलराज सिंह को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए नव निर्वाचित प्रधान उत्तम सिंह कश्यप का पंचायत की ओर से अभिनंदन और स्वागत किया । उत्तम सिंह कश्यप ने सभा में उपस्थित लोगों के प्रति उनके द्वारा प्रदान किए गए समर्थन तथा अभिनंदन के लिए आभार व्यक्त किया ।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *