शिमला। रिज मैदान में टैंक के हिस्से पर क्रेन और ट्रक दौड़ाने का मामला आया है। इसको लेकर दिनभर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते रहे। इसको लेकर पूर्व उपमहापौर नगर निगम शिमला टिकेंद्र पंवर ने इस संबंध में एसपी शिमला को लिखित में शिकायत करने एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। रिज मैदान के टैंक वाले हिस्से में किसी भी तरह के वाहन ले जाने पर पाबंदी है।

वहीं, प्रदेश हाईकोर्ट ने यहां पर किसी भी तरह के कार्यक्रम के आयोजन की मनाही की है। इसके बावजूद रिज पर कार्यक्रम का आयोजन करवाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से शहरवासियों की जिंदगी को खतरे में डाला जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले में ट्रक, क्रेन मालिकों, वाहनों को रिज में प्रवेश देने की अनुमति देने वाले पुलिस अधिकारियों, जिला प्रशासन समेत प्रदेश सरकार के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि अगर शिमला पुलिस ने इस संबंध में कोई उचित कार्रवाई नहीं की तो मामले को लेकर प्रदेश उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। रिज पर बने टैंक पर करीब 4.5 एमएलडी लीटर पानी की क्षमता है और अगर इसको नुकसान पहुंचता है। यह शहर के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।