टुटू, 25 मार्च: बुधवार को ग्राम पंचायत, टुटू मजठाई के मजठाई स्थित पंचायतघर में स्वस्थ भारत फाउंडेशन (ट्रस्ट) हिमाचल प्रदेश द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण भौतिक विधि से उनकी आयु, लंबाई, वजन, रक्तचाप, हृदय गति, कब्ज, गैस, सुधा एवं पाचन के अतिरिक्त उनके शरीर के अंतर्गत फैट, विटामिन, मिनरल्स एवं अन्य परीक्षण मैग्नेटिक एनालाइजर द्वारा निशुल्क किया गया।
स्वस्थ भारत फाउंडेशन, शिमला के तत्वाधान में आयोजित इस जांच शिविर का आयोजन डॉ. सुशील सेमवाल के नेतृत्व में किया गया, जिसमें एक सौ के लगभग स्थानीय लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। इस शिविर में सागर रांगड़, फार्मासिस्ट, लोकेश कुमार नेगी, ऑपरेटर और विकेश नेगी, फील्ड वर्कर ने स्वास्थ्य परीक्षण तथा उचित मूल्यों पर दवाइयां उपलब्ध की गई।
स्वास्थ्य जांच के अतिरिक्त पंचायत सचिव, सुनीता शर्मा द्वारा आगामी पंचायत चुनावों के मध्य नज़र राज्य चुनाव आयोग के निर्देशानुसार प्रथम अप्रैल, 2026 को 18 साल की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाताओं के नाम नई नामावली में जोड़े गए तथा मृतक मतदाताओं के नाम को सूची से हटाया गया।
इस अवसर पर निवर्तमान पंचायत प्रधान, उत्तम सिंह कश्यप, उप प्रधान केशपा राम, वार्ड सदस्य कमला और सुनीता ने स्वास्थ्य जांच दल तथा पंचायत सचिव के साथ व्यवस्था प्रबंधन में सहयोग प्रदान किया।