Spread the love

शिमला 23 जुलाई, 2026
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला से दूरभाष के माध्यम से कांगड़ा जिले की बोह घाटी में बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया से बात कर आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से भी फोन पर बात की और उन्हें हर सम्भव सहायता का आश्वासन दिया।
उप-मुख्य सचेतक ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि उनके निर्देशों पर जिला प्रशासन ने जिन 19 परिवारों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें तत्काल राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री की किट उपलब्ध करवाई है। इसके अतिरिक्त, जिन 17 परिवारों के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें 10-10 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि बादल फटने की घटना से सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों, पेयजल आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक सेवाओं को शीघ्र बहाल करवाने का भी आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बादल फटने से प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक सेवाओं की बहाली को सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वह शीघ्र ही बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का स्वयं आकलन करेंगे। उन्होंने आगामी दिनों में भारी वर्षा की संभावना के मद्देनजर प्रदेशवासियों से सतर्क रहने की भी अपील की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *