टुटू: 23 सितंबर 2026: विकास खंड टुटू के अंतर्गत ग्राम पंचायत टुटू-मजठाई की *पंचायत स्तरीय नशा निवारण समिति* की मासिक बैठक का आयोजन बुधवार को पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, टुटू के सभागार में प्रधानाचार्य एवं समिति की अध्यक्षा डॉ. रशिमा राणा की अध्यक्षता में किया गया।
प्रदेश सरकार के दिशा निर्देशों के तहत आयोजित इस मासिक बैठक में खंड विकास अधिकारी, टुटू श्री बृजेश भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने समिति को प्रदेश के मुख्य मंत्री और सरकार द्वारा नशा निवारण तथा चिट्टा मुक्त प्रदेश की प्रतिबद्धता का हवाला देते हुए, समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस अभियान में सहयोग देने की अपील की।
समिति के सदस्यों से नशे और चिट्टे के सेवन करने वालों तथा इस काले कारोबार से जुड़े पंचायत के युवाओं और स्कूल के विद्यार्थियों पर कड़ी नज़र रखने का आह्वान किया। समिति की अध्यक्षा डॉ. रशिमा राणा ने कहा कि उनके विद्यालय में गठित नशा विरोध समिति और पंचायत स्तरीय समिति परस्पर तालमेल के साथ नशे की लत में पड़े विद्यार्थियों और युवाओं पर ओर ज्यादा प्रभावी तरीके से नज़र रख सकेगी। उन्होंने उपरोक्त दोनों समितियों की मासिक बैठकें स्कूल प्रबंधन समिति के प्रत्येक माह होने वाली बैठकों के साथ रखने का सुझाव भी दिया, जिससे बच्चों के अभिभावकों को भी इस अभियान के साथ जोड़ा जा सकेगा जिसे । प्रधानाचार्य के इस महत्वपूर्ण सुझाव को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।
बैठक में खंड विकास अधिकारी, बृजेश भारद्वाज, समिति की अध्यक्षा, प्रधानाचार्य, डॉ. रशिमा राणा, पूर्व पंचायत प्रधान एवं प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता, उत्तम कश्यप, स्वयं सेवक मोहिंदर सिंह, ग्रामीण राजस्व अधिकारी, राहुल चौहान, पंचायत सचिव, सुनीता शर्मा, सदस्य सचिव एवं हैड कांस्टेबल, संजीव चंदेल उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त पंचायत प्रधान, लता; उप प्रधान, ईश्वर ठाकुर तथा पंचायत की ग्राम सभाओं के नशा निवारण समिति के विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे।
चिट्टे और नशे के कारोबारियों के विरुद्ध पंचायत और विद्यालय की समितियां संयुक्त रूप से रखेगी कड़ी नज़र