बिलासपुर 19 फरवरी:- विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं में जल जीवन मिशन के तहत विभिन्न पेयजल योजनाओं के निर्माण व पुरानी योजनाओं के समवर्धन के लिए लगभग 32 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी। यह जानकारी विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं के विधायक राजेन्द्र गर्ग ने लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित की जाने वाली उठाऊ पेयजल योजना बल्लु खरयाला के बल्लु खरयाला फेज के विधिवत भूमि पूजन करने के उपरांत लोगों को सम्बोधित करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि इस पेयजल योजना के निर्माण से ग्राम पंचायत बकरोहा के निवासियों की पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत विधानसभा क्षेत्र के हर घर में नल और नल में शुद्ध जल उपलब्ध करवाया जाएगा। चालू वित्त वर्ष के अंत तक जल जीवन मिशन के तहत विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं के 1600 घरों को पेयजल का कुनैक्शन उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है और इस दिशा में निरंतर कार्य चल रहा है ताकि कोई भी घर पेयजल के कुनैक्शन से वंचित न रहे और लक्ष्य को समयबद्ध पूरा किया जा सके।
उन्होंने बताया चैखणा धार तथा आस-पास के पंचायतों को निर्वाध पेयजल आपूर्ति व शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना चैखणा धार का निर्माण युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने बताया कि पेयजल योजना अमरपुर पनौल के निर्माण पर 7 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि खर्च की जा रही है तथा इस पेयजल योजना के स्त्रोत स्थान बदलकर मेला स्थल घुमारवीं से पानी उठाया जाएगा ताकि स्वच्छ जल इस क्षेत्र के लोगों को उपलब्ध हो सके और इसका कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि सरकार और जनता के बीच सीधा सम्पर्क कायम करने के उद्देश्य से जनमंच कार्यक्रम आरम्भ किया गया है। लोगों की समस्या का समाधान मौके पर ही किया जा रहा है जिससे लोगों का धन और समय की बचत के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान घर-द्वार पर ही हो रहा है। 12 फरवरी को भराड़ी में आयोजित जनमंच कार्यक्रम को प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है, यह क्षेत्र निवासियों के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि जनता का समस्याओं का समयबद्ध एवं त्वरित समाधान उन्हें घर बैठे उपलब्ध करवाने के लिए एक कदम और आगे बढ़ाते हुए प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाईन’ शुरू की है। इस सेवा के अंतर्गत कोई भी व्यक्ति 1100 नम्बर पर फोन कर अपनी समस्या दर्ज करा सकता है, जिसका एक निश्चित अवधि में सम्बन्धित विभाग द्वारा समाधान किया जाना अनिवार्य बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने, प्रदेश को आर्थिक रूप से स्वावलम्बी बनाने, राज्य में निवेश आमंत्रित करने के उद्देश्य से कांगड़ा जिले के धर्मशाला में पहली बार ग्लोबल इन्वेस्टर्ज मीट का आयोजन किया गया जिसमें 2800 निवेशकों तथा उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया और विभिन्न देशों के लगभग 200 निवेशकों ने भी हिस्सा लिया। राज्य में निवेश बढ़ने से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेगें।
उन्होंने पंचायत क्षेत्र बकरोहा में किए जा रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए बताया कि गत दो वर्षों में विधायक निधि के माध्यम से लगभग 40 लाख रुपये की राशि विभिन्न विकास कार्यों के लिए जारी की गई है।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष हेम राज संख्यान, मण्डल महामंत्री राजेश शर्मा, चैन सिंह, सुरेन्द्र गरियाल, बीडीसी सदस्य संजय कुमार, कृष्णु राम, अधिशाषी अभियन्ता जल शक्ति विभाग सतीश शर्मा, सहायक अभियन्ता जल शक्ति विभाग रविन्द्र रणौत व यशपाल शर्मा, कैप्टन सुरजीत सिंह, धनीराम सौंखला, केशव शर्मा, पंकज चंदेल, मनोहर पंडित, बिट्टू राम चैहान, जमाल दीन, बशीर दीन, सुरेश चंदेल के अतिरिक्त अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

