Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के लाहौल दौरे के दौरान रविवार को मुख्यमंत्री के सामने ही तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा और भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जवाहर शर्मा के बीच आपस में कहासुनी के बाद धक्कामुक्की हो गई। इसके बाद दोनों नेताओं के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। घटना के बाद जिला भाजपा में गुटबाजी की चिंगारी से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सोशल मीडिया पर भी इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो में दोनों नेता एक-दूसरे को धक्का देते और बहस करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान सीएम भी तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा और जवाहर शर्मा के साथ-साथ चलते नजर आ रहे हैं। हालांकि इस पूरे मामले पर सीएम ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। जवाहर शर्मा ने कहा कि जब सीएम के स्वागत के लिए एसटी मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे, उसी दौरान मंत्री रामलाल मारकंडा ने उन्हें धक्का मार दिया।

इस पर मोर्चा के पदाधिकारी भड़क उठे। उन्होंने इसके बारे में मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को सूचित कर दिया है। जिला भाजपा महासचिव संजीव कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा सरकारी कार्यक्रम है, लेकिन जवाहर गुट ने प्रोटोकॉल को नजरअंदाज करते मुख्यमंत्री को घेर लिया। जवाहर शर्मा ने कैबिनेट मंत्री को धक्का मारा। संजीव ने कहा कि जवाहर गुट में कई ऐसे भी लोग शामिल थे, जिनके पास भाजपा की प्राथमिक सदस्यता भी नहीं है।

मामले को लेकर तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने कहा कि उन्हें किसी ने पीछे से खींचा था। इस दौरान जवाहर शर्मा उनके आगे आ गए और मैंने उन्हें पीछे हटने को कहा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *