हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने बुधवार को विभिन्न विभागों में अलग-अलग श्रेणियों के 554 पदों को भरने के लिए लिखित छंटनी परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। ये परीक्षा शेडयूल 31 पोस्ट कोड के लिए जारी किया गया है।

आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने कहा कि अभ्यर्थियों को रोलनंबर, एडमिट कार्ड आयोग की वेबसाइट website http://hpsssb.hp.gov.in से डाउनलोड करने होंगे। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा परीक्षा की तिथि से 15 दिन पहले उपलब्ध करवाई जाएगी। यह सुविधा वेबसाइट पर CHECK YOUR APPLICATION STATUS पर अपने रोलनंबर व परीक्षा केंद्र की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।उन्होंने कहा कि यदि किन्हीं कारणों से कोई अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर सके तो वे सूचित किए गए रोल नंबर व परीक्षा केंद्र में अपना नवीनतम फोटो व आधार कार्ड, आवेदन पत्र की प्रति के साथ अपना दावा प्रस्तुत कर सकेंगे। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्यालय दिवस पर स्वयं या आयोग के कार्यालय में टोल फ्री नंबर 18001808095 या दूरभाष नंबर 01972- 222204 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं, आयोग ने पोस्ट कोड 848 के तहत अनुबंध आधार पर कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इन पदों के लिए छह उम्मीदवारों का चयन हुआ है। इसी तरह पोस्ट कोड-782 के तहत पर्यवेक्षक की भर्ती के लिए 10 फरवरी को 15 अंकों की मूल्यांकन परीक्षा होगी।