धर्मशाला, 01 जुलाई: हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी संघ कांगड़ा के जिला महासचिव कुलदीप सिंह राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि कोविड-19 महामारी के वैश्विक प्रभाव से देशभर में लगे लॉकडाउन के चलते एवं हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों की अनुपालना में पिछले कुछ समय में सेवानिवृत हुए कोष कर्मचारियों की कर्मठ सेवाओं के लिए एचपीएनजीटीईए कांगड़ा इकाई सम्मान कार्यक्रम का आयोजन नहीं कर पायी थी। इसी उपलक्ष्य पर कांगड़ा कार्यकारिणी ने गत 30 जून, 2020 को हाल ही में हुए सेवानिवृत कोष कर्मचारियों के लिए जिला कोष कार्यालय, धर्मशाला के प्रांगण में सादे सम्मान समारोह का आयोजन किया।
इस अवसर पर उप-कोष शाहपुर से 31 मार्च, 2020 को सेवानिवृत हुए दीप चन्द राणा एवं उनकी धर्मपत्नी, उप-कोष देहरा से 31 मार्च को सेवानिवृत हुए मदन लाल एवं उनकी धर्मपत्नी, उप-कोष इंदौरा से 31 मई को सेवानिवृत हई संतोष कुमारी एवं उनके पति तथा 30 जूून को जिला कोष कार्यालय, धर्मशाला से सेवानिवृत हुए कश्मीर सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी मौजूद थे।
इस पावन मौके पर उप निदेशक, कोष निरीक्षण (उत्तरी क्षेत्र) धर्मशाला एसएस गुलेरिया एवं जिला कोषाधिकारी, धर्मशाला आर बी गिरी की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों की अनुपालना करते हुए सभी कोष कर्मचारियों को उनकी सराहनीय वित्तीय सेवाओं के लिए शॉल एवं हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। आगामी सेवानिवृत जीवन में सभी कोष कर्मचारियों के उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना के साथ ही उनको विदा किया गया।
इस अवसर पर कोष कार्यालय के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद थे।