शिमला: हिमाचल प्रदेश में झमाझम बारिश के साथ दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है. शुक्रवार को मानसून शिमला सहित राज्य के कुछ भागों तक पहुंच गया है. ऐसे में प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. प्रदेश में पिछले तीन दिनों से कई हिस्सों में प्री मानसून की बौछारें देखने को मिल रही थी. ऐसे में मानसून के जल्द ही प्रदेश में पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी. इस दौरान शुक्रवार, 20 जून को मानसून ने हल्की से मध्यम बारिश के साथ हिमाचल में प्रवेश किया.
7 दिन पहले आया मानसून
पिछले साल की तुलना में इस बार मानसून ने 7 दिन पहले दस्तक दी है. जो कृषि और बागवानी के लिए भी फायदेमंद साबित होगा. साल 2024 में 27 जून को प्रदेश में मानसून की एंट्री हुई थी. वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र ने 26 जून तक प्रदेश में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने प्रदेश में 26 जून तक बारिश को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट की जारी किया है. ऐसे में लोगों से खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील की गई है
भारी बारिश का अलर्टमौसम विभाग द्वारा हिमाचल में 26 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक आज प्रदेश में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कुछेक स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसी तरह से प्रदेश में 22 और 23 जून को मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कुछेक स्थान पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 24 जून को प्रदेश में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कुछेक जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, 25 और 26 जून को प्रदेश में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन दो दिनों में कुछेक स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.हिमाचल में मानसून ने कब-कब दी दस्तक
हिमाचल में अगर पिछले दस साल के आंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश में साल 2021 में मानसून ने सबसे जल्दी 13 जून को दस्तक दी थी. वहीं, साल 2019 में मानसून सबसे देरी से 2 जुलाई को हिमाचल में प्रवेश किया था. साल 2016 में मानसून 21 जून को हिमाचल पहुंचा था. इसी तरह से साल 2017 में 1 जुलाई, 2018 में 27 जून, 2019 में 2 जुलाई, 2020 में 24 जून, 2021 में 13 जून, 2022 में 29 जून, 2023 में 24 जून व 2024 में मानसून ने 27 जून को हिमाचल में प्रवेश किया था. ़

मानसून सीजन में कब कितनी बारिश
हिमाचल में मानसून सीजन में पिछले 10 साल में हुई बारिश के आंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश में सिर्फ दो बार सामान्य से अधिक बारिश हुई है. इसके अलावा 8 बार सामान्य से कम बादल बरसे हैं. वर्ष 2016 में प्रदेश में 623.9 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 18.3 फीसदी कम थी. इसी तरह से वर्ष 2017 में 717.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, यह बारिश सामान्य से 6.1 फीसदी कम रही. वर्ष 2018 में 927 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 21.4 फीसदी अधिक रिकॉर्ड की गई. वर्ष 2019 में 686.9 मिलीमीटर बारिश हुई, यह सामान्य से 10 फीसदी कम थी. वर्ष 2020 में 567.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 25.7 फीसदी कम दर्ज की गई. वर्ष 2021 में 688.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 9.8 फीसदी कम थी. वर्ष 2022 में प्रदेश में 716.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 2.5 फीसदी कम रही. वर्ष 2023 में प्रदेश भर में 886.0 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 21 फीसदी अधिक रही. वहीं, वर्ष 2024 में प्रदेश में 600.9 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 18 फीसदी कम रिकॉर्ड की गई.