शिमला 19 फरवरी,
हेल्प एज इंडिया शिमला द्वारा बचन भवन शिमला में कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश के निदेशक हंस राज चैहान ने की।
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अंतर्गत विभाग द्वारा 70 वर्ष से अधिक के व्यक्तियों को 1500 रुपये तथा 60 से 70 वर्ष तक की आयु के लोगों को 850 रुपये प्रति माह, जिनकी वार्षिक आय 35 हजार रुपये से कम है, पेंशन प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि जिला में बेसहारा वृद्धों के लिए बसंतपुर व चैपाल में वृद्धाश्रम खोले गए हैं। उन्होंने बताया कि मशोबरा में वृद्धाश्रम का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र ही पूरा कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वृद्धों के लिए पांच डे-केयर सेंटर भी स्थापित किए गए हैं, जहां पर वृद्धों को काउंसलिंग प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अंतर्गत लगभग 2 लाख 63 हजार लोगों को इसका लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को विभाग द्वारा पहचान-पत्र भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को विभाग द्वारा हर सम्भव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों के वृद्ध स्वयं सहायता समूहों की पहल भी एक सराहनीय कार्य है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यातिथि ने हेल्प एज इंडिया केन्द्र शिमला द्वारा वृद्ध स्वयं सहायता समूहों को 50 हजार रुपये के चैक भी वितरित किए।
इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी हाकम सिंह ने विभाग द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित जानकारी उपस्थित लोगों को दी।
कोट पंचायत के प्रधान हीरा नंद शांडिल ने भी अपनी पंचायत में वरिष्ठ नागरिकों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी उपस्थित लोगों को दी।
हेल्प एज इंडिया के राज्य प्रमुख डाॅ. राजेश कुमार ने मुख्यातिथि व अन्य लोगों का स्वागत किया। उन्होंने संस्था से संबंधित बुजुर्गों के लिए किए जा रहे कार्यों का विस्तृत विवरण दिया।
इस अवसर पर विभिन्न स्थानों से आए वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे।


