शैक्षणिक सत्र के बीच तबादलों पर प्रतिबंध लगाने के एक माह के भीतर ही शिक्षा विभाग ने नौ स्कूल प्रधानाचार्यों के तबादला आदेश जारी कर दिए। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव ने 23 जनवरी, 2020 को प्रदेश सरकार के सभी प्रशासनिक सचिवों, सभी विभागाध्यक्षों और सभी प्रबंध निदेशक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी बोर्ड व निगम को लिखित में 31 मार्च तक तबादलों पर रोक लगाने के आदेश जारी किए थे।इन तबादलों पर रोक के पीछे सरकार ने वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए तैयार किए जा रहे बजट के लिए एस्टिमेट बनाने, फील्ड स्टाफ द्वारा वित्तीय वर्ष 2019-20 के बजट को खर्च करना सुनिश्चित करने का तर्क दिया था। सरकार ने कहा था कि स्कूलों में शैक्षणिक सत्र की समाप्ति और बोर्ड व विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं के चलते शिक्षा विभाग में भी तबादले नहीं होंगे।
सरकार ने केवल नई नियुक्तियां और पदोन्नति आदेश विशेषाधिकार के तहत ही जारी करने की बात कही थी, लेकिन इसी बीच सरकार ने 17 फरवरी देर शाम को शिक्षा विभाग में 9 स्कूल प्रधानाचार्यों के तबादला आदेश जारी कर दिए। चार स्कूल प्रधानाचार्यों के तबादले 10 किलोमीटर दायरे के भीतर आपसी सहमति से एक-दूसरे स्कूल में हुए हैं।