Spread the love

पर्यटन की स्कीमों को जमीन पर उतारने में लेटलतीफी पर सीएम जयराम ठाकुर तल्ख हो गए हैं। जयराम ठाकुर के कड़ा नोटिस लेने के बाद मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची ने अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन आरडी धीमान को एक कड़ा पत्र लिखा है। जिन योजनाओं को धरातल पर उतारने में देरी हो रही हैं, उनमें जयराम ठाकुर के हलके जंजैहली और शिमला के चांसल को विकसित करना शामिल है। इन्हें नए पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित किया जाना है। यहां स्की ढलानें बननी हैं।सराज में जनमंच के लोगों की शिकायतें सुनने के बाद सीएम की तल्खी पर मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची अपने चिर-परिचित कड़े मिजाज में आ गए हैं। उन्होंने जहां अतिरिक्त मुख्य सचिव धीमान को सीएम की चिंता जाहिर करता एक पत्र लिखा है, वहीं मंगलवार को धीमान समेत पर्यटन विभाग के तमाम शीर्ष अधिकारियों को अपने कार्यालय में तलब किया। यहां मुख्य सचिव ने भोजनावकाश से पहले बैठक ली। 

सूत्रों के अनुसार सीएम और सीएस के कड़े तेवरों पर अधिकारियों ने इस बैठक में सफाई दी। अधिकारियों ने मुख्य सचिव को इन क्षेत्रों के लिए पर्याप्त बजट न होने और सड़कों तथा आधारभूत ढांचे का सही न होना जैसे कारण बताए, जबकि ये योजनाएं एशियन विकास बैंक (एडीबी) से वित्त पोषित हो रही हैं। हालांकि, अधिकारियों ने मुख्य सचिव को आश्वस्त किया कि जंजैहली में 30 करोड़ से अधिक के काम शुरू हो रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *