भाजपा के कुशासन और कसुम्पटी में कांग्रेस की नाकामी का जनता चुनावों में देगी जवाब-पुण्डीर
साल के पहली तारीख स्व ही सीपीआई (एम) लोकल एरिया कमेटी कसुम्पटी ने संगठन को मजबूत करने और आगामी नगर निगम चुनावों सहित साल के आखिर में विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। शनिवार को लोकल कमेटी की बैठक में आगामी शहरी निकायों और विधानसभा में अपने शक्ति प्रदर्शन के लिए रणनीति पर चर्चा की गई।
पार्टी सचिव सत्यावन पुण्डीर ने जानकारी देते हुए कहा कि जनता भाजपा के कुशासन से तंग आ चुकी है। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। लोगों का सफर इतना महंगा हो चुका है कि घर से बाहर निकलने से पहले आदमी को अपनी जेब टटोलनी पड़ती है।
वहीं भाजपा शासित नगर निगम ने पानी, कूड़े का शुल्क इतना अधिक बढ़ा दिया है कि पानी के बिल लाखों में आ रहे हैं जबकि पानी तीसरे या चौथे दिन भी पूरा नहीं आ पा रहा।
सत्यवान पुण्डीर ने कहा कि इस बार जनता प्रदेश और नगर निगम को पलटने का मन बना चुकी है।
पुण्डीर ने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में पिछले 20 वर्षों में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व रहा है मगर विकास के मामले में कसुम्पटी किसी दुर्गम विधानसभा क्षेत्र से भी ज़्यादा पिछड़ा हुआ है। स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर, स्टाफ, 108 एम्बुलेंस, जांच की सुविधाएं खस्ताहाल हैं। एकमात्र कोटी कॉलेज का भवन 8 साल में भी नींव से ऊपर नहीं उठ पाया। पर्यटन स्थलों को विकसित करने में नाकामी जगज़ाहिर है। इसलिए इस बार कसुम्पटी की जनता भी अपना मत देते हुए इन बातों का ध्यान रखेगी।
बैठक में राज्य सचिवमंडल सदस्य डॉ. कुलदीप सिंह तँवर, जिला कमेटी सदस्य जगमोहन ठाकुर और शहरी कमेटी से बालक राम भी मौजूद रहे।