Spread the love

कांगड़ा। शनिवार को हिमाचल में एक और पॉजिटिव मामला आया है। कांगड़ा जिले के टांडा मेडिकल कॉलेज में एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। अब राज्य में संक्रिय मामलों की संख्या 10 हो गई है। राज्य में अब तक 51 कोरोना पॉजिटिव मामले आ चुके हैं। कोरोना से दो की मौत हुई है। 35 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। चार लोग हिमाचल से बाहर चले गए हैं। राज्य में अब तक 19503 लोगों को निगरानी में रखा गया।

इनमें से 7195 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि को पूरा कर लिया है और सभी स्वस्थ्य हैं। राज्य में अब तक 10209 लोगों की कोरोना को लेकर जांच की गई है। वहीं, सरकाघाट के कोरोना संक्रमित किडनी रोगी की मौत के बाद आईजीएमसी शिमला में पॉजिटिव आई मां और ताया को चैलचौक स्थित निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। निजी अस्पताल को कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। ताया को बार-बार बुखार आ रहा है। उसके सैंपल दोबारा लिए जाएंगे और मेडिकल कॉलेज भेजे जाएंगे। नोडल अफसर डॉ. गौतम ने बताया कि अभिलाषी कोविड सेंटर में स्पेशल वार्ड बनाया है।

दोनों को इसमें रखा जाएगा। कोरोना से कम संक्रमित लोगों को अभिलाषी कोविड सेंटर में रखा जाएगा। ऐसे सरकार के निर्देश हैं। यह भी बताया जा रहा है कि आईजीएमसी, नेरचौक मेडिकल कॉलेज और टांडा मेडिकल कॉलेज में कम संक्रमित मरीजों को अभिलाषी कोविड सेंटर में सरकार शिफ्ट करेगी। उधर, चैलचौक और आसपास के क्षेत्रों में अभिलाषी कोविड सेंटर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के पहुंचने की खबर फैलते ही लोगों में हड़कंप मच गया। अभिलाषी कोविड सेंटर में 3 बजे के बाद पैरामेडिकल स्टाफ, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी व्यवस्था बनाने पहुंच गए थे।

उधर, चंबा में सुबह साढ़े सात बजे 108 एंबुलेंस कोरोना पॉजिटिव दो वर्षीय बच्ची को चंबा लाने के लिए बालू में तैयार की गई। पायलट लोकेश व ईएमटी भूपेंद्र जगवान पीपीई किट पहनकर सुबह साढ़े सात बजे एंबुलेंस के पास पहुंचे। साढ़े सात बजे दोनों एंबुलेंस लेकर सलूणी की ओर रवाना हो गए। साढ़े 10 बजे एंबुलेंस बच्ची के गांव में पहुंची। यहां बच्ची को गोद में उठाए उसकी मां और चिकित्सीय टीम मौजूद थी। वह बच्ची को गोद में लेकर एंबुलेंस में बैठ गई। पौने 11 बजे एंबुलेंस चंबा के लिए रवाना हुई और सवा एक बजे आयुर्वेदिक अस्पताल बालू पहुंची।

यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी व जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गुरमीत कटोच सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद थे। बच्ची को आईसोलेशन वार्ड पहुंचाया गया। उसकी देखभाल करने के लिए माता साथ मौजूद रहेंगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *