उत्तरी भारत की सबसे रोमांचक व कठिनतम श्रीखंड महादेव यात्रा के लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा 11 से 24 जुलाई तक होगी। यात्रा के लिए जिला प्रशासन कुल्लू की तरफ से सेक्टर आफिसर तैनात किए गए हैं। जिला दंडाधिकारी आशुतोष गर्ग की ओर से इस संबंध में आदेशजारी किए गए हैं। आम लोगों की सुरक्षा व कानून व्यवस्था को देखते हुए टेक चंद नायब तहसीलदार निरमंड, विवेक ठाकुर नायब तहसीलदार नित्थर, दिलीप कुमार तहसीलदार आनी, वेद प्रकाश नायब तहसीलदार आनी, अनिल कुमार तहसीलदार भुंतर, पृथी चंद नायब तहसीदार बंजार और हीरा लाल नायब तहसीलदार सैंज को सेक्टर आफिसर तैनात किया गया है।सभी अधिकारियों को अलग-अलग दिनों के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। आशुतोष गर्ग ने बताया कि श्रीखंड महादेव यात्रा के लिए श्रद्धालुओं को आनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। यात्रा के लिए हर श्रद्धालु का मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट भी जरूरी है। निरमंड की आराध्य देवी माता अंबिका की छड़ी यात्रा श्रीखंड महादेव के दर्शन के लिए नौ जुलाई को रवाना होगी। श्रीखंड छड़ी यात्रा सेवा समिति के अध्यक्ष केशव शर्मा ने बताया कि छड़ी यात्रा की तैयारियों के लिए निरमंड में बैठक भी होगी।श्रीखंड यात्रा को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। कोरोना महामारी के कारण दो साल यात्रा नहीं हो पाई थी। अब दो साल बाद यात्रा होने जा रही है तो शिव भक्त खासे उत्साहित हैं।