Spread the love

सोलन दिनांक 01.03.2020

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ करने पर विशेष बल दे रही है। प्रदेश सरकार इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी योजना के तहत स्वास्थ्य उप केन्द्रों को स्वास्थ्य एवं वेलनेस केन्द्रों में परिवर्तित कर रही है ताकि गांवों में आम जन को मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो सकें।

डॉ. सैजल आज सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत प्राथा के गांव नाभों में 33.71 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन की आधारशिला रखने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

डॉ. सैजल ने इससे पूर्व क्षेत्र में 5.25 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित मां जगदम्बा युवा क्लब भवन का लोकार्पण भी किया। उन्होंने नाभों में चल रही भागवत कथा में भी भाग लिया।
डॉ. सैजल ने कहा कि केंद्र सरकार की सहायता से प्रदेश सरकार ने 523 स्वास्थ्य केन्द्रों एवं 354 उप स्वास्थ्य केन्द्रों को स्वास्थ्य एवं वेलनेस केन्द्रों में बदलने की योजना आरंभ की है और सरकार इस दिशा में गंभीर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा वित्त वर्ष 2019-20 में प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में ग्रामीण स्तर तक लोगों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाने पर 80 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। लोगों को 330 प्रकार की दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा तथा क्षेत्रवासियों की मांगों को चरणबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शोघी-नाभों-चाकली-जगयाणा सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।

उन्होंने युवक मंडल नाभों को रचनात्मक गतिविधियों के लिए 50 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने युवक मंडल भवन में शेड के निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपए प्रदान करने की भी घोषणा की।

इस अवसर पर भाजपा मंडल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, उपाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, ग्राम पंचायत प्राथा के प्रधान महेंद्र कुमार, उप प्रधान प्रेम चंद, ग्राम पंचायत नेरीकलां के प्रधान सतपाल सिंह, पूर्व बीडीसी सदस्य राजेश, युवक मंडल प्रधान देशराज, सचिव कृपाल सिंह, कथा वाचक आचार्य ज्ञान चंद शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता राजेश गर्ग, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *