Spread the love

 

         कोविड-19 के दोनों पॉजिटिव नागरिकों को डाढ किया शिफ्ट

   धर्मशाला, 27 मई: उपायुक्त कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि बुधवार को कांगड़ा जिला में कोरोना पॉजिटिव के दो नए मामले सामने आए हैं जिनमें से एक नागरिक नलाहरी तलाड़ा निवासी दिल्ली से वापिस आया है जबकि खन्यारा निवासी गुड़गांव से वापिस आया है। दोनों को कोविड केयर सेंटर डाढ में शिफ्ट किया गया है।  कांगड़ा जिला में कोविड पॉजिटिव के कुल 64 केस आए हैं जिनमें 47 एक्टिव केस हैं जबकि 16 नागरिक स्वस्थ हो चुके हैं तथा एक की मृत्यु हुई है।    उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सभी नागरिक अपने ही घरों में रहें तथा बहुत आवश्यक हो तो ही अपने घरों से निकलें।
    उपायुक्त ने कहा कि सभी नागरिकों को स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों की अनुपालना करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर उनके गांव में या परिवार में बाहरी क्षेत्र से कोई भी व्यक्ति  आया हो तो उसके बारे में तुरंत प्रशासन  को सूचित करें ताकि एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंचने वाले इस कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

आत्म निर्भर भारत योजना के तहत 1272 प्रवासी लाभांवित

   उपायुक्त, राकेश प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि आत्म निर्भर भारत योजना के तहत अब तक 1272 प्रवासी मजदूरों को दो माह का निशुल्क राशन प्रदान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि विभिन्न राज्यों के हिमाचल प्रदेश में फंसे हुए प्रवासी मजदूर, जिनका खाद्य सुरक्षा अधिनियम या राज्य की किसी योजना के अंतर्गत राशन कार्ड नहीं बना है, उनको प्रति व्यक्ति 5 किलोग्राम चावल और एक किलोग्राम दाल प्रति परिवार मई और जून माह में मुफ्त उपलब्ध करवाया जा रहा है।
    उपायुक्त ने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी को आवेदन-पत्र पर नाम व पता, परिवार का विवरण, आधार संख्या (यदि उपलब्ध है) भरकर नजदीकी उचित मूल्य की दुकान पर जमा करवाना होगा। लाभार्थी द्वारा भरा गया आवेदन-पत्र सम्बन्धित क्षेत्र के वार्ड पंच/प्रधान/उप प्रधान/पंचायत सचिव अथवा पार्षद से सत्यापित होना चाहिए। उन्होंने बताया कि उचित मूल्य के दुकान धारक लाभार्थियों के आवेदन-पत्रों को सम्बन्धित निरीक्षक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के कार्यालय में जमा करवाने के दो दिनों के भीतर प्रवासी मजदूरों को राशन मिलना आरम्भ हो जाएगा जोकि 30 जून, 2020 तक मिलना जारी रहेगा।
    उपायुक्त ने बताया कि मुफ्त राशन लने के इच्छुक प्रवासी मजदूर अपने आवेदन 30 मई, 2020 या इससे पहले सम्बन्धित क्षेत्र की उचित मूल्य की दुकान धारक के पास जमा करवा सकते हैं। आवेदन-पत्र जमा करवाने के बाद ही प्रवासी मजदूरों को मुफ्त राशन दिया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *