शिमला। हिमाचल बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने हिमाचल बीजेपी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेजा है। इस्तीफा भेजते हुए बिंदल ने कहा है कि वह केवल उच्च नैतिक मूल्यों के आधार पर त्याग पत्र दे रहे हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेजे त्याग पत्र में उन्होंने कहा कि गत दिनों स्वास्थ्य विभाग के निदेशक की कथित ऑडियो सीडी वायरल हुई, जिसके मद्देनजर प्रदेश सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए निदेशक स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है व विजिलेंस विभाग पूर्ण जांच कर रहा है।
इस मध्य चंद लोंगों द्वारा अप्रत्यक्ष रूप से बीजेपी की और उंगलियां उठाई हैं। वह हिमाचल बीजेपी के अध्यक्ष हैं और चाहते हैं कि कथित भ्रष्टाचार की संपूर्ण जांच हो और किसी प्रकार का दबाव ना हो। अतः वह उच्च नैतिक मूल्यों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश अध्यक्ष बीजेपी के पद से त्याग पत्र दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण का बीजेपी हिमाचल के साथ कोई लेना देना नहीं है। बीजेपी का दाम पाक व साफ हे। इस प्रकरण को बीजेपी की ओर इंगित करना जहां सरासर अन्याय है, वहीं बीजेपी हिमाचल प्रदेश द्वारा कोरोना महामारी के दौरान की गई समाजसेवा का भी अपमान है।
बीजेपी ने इस संकट की घड़ी में पूरे प्रदेश में बूथ स्तर तक जनजागरण अभियान चलाया, 3000 से अधिक वीडियो कांफ्रेंस करके 60 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं से संवाद किया और उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित किया, जिसके परिणामस्वरूप 5 लाख से अधिक भोजन पैकेट, 1 लाख 10 हजार से अधिक राश किटें, 30 लाख से अधिक फेस मास्क जनसाधरण को वितरित किए। लगभग 10 करोड़ रूपए पीएम और सीएम राहत कोष में छोटी-छोटी राशियों के रूप में जमा करवाए गए। प्रदेशवासियों का आत्मविश्वास बढ़ाकर रखा, यह संकल्प किया कि कोई भूखा ना सोये और इसे पूरा किया।