आईजीएमसी में खुला नौकरियों का पिटारा : प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान में भरे जाएंगे 673 पद, डॉक्टर, स्टाफ नर्स व ओटीए की होगी भर्ती
प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान IGMC में नौकरियों का पिटारा खुल गया है। प्रदेश सरकार इस अस्पताल की व्यवस्था में सुधार की दिशा में आगे बढ़ रही है। राजधानी शिमला के आईजीएमसी के इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में चिकित्सा अधिकारियों के 30 पदों सहित 600 स्टाफ नर्स और 43 ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट के पदों को शीघ्र भरने जा रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने
यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ डॉक्टरों, पैरा मेडिकल स्टाफ और तकनीशियनों के खाली पदों को भर रही है।
आईजीएमसी में बेहतर चिकित्सा सेवाएं और अटल सुपर स्पेशिएलिटी संस्थान चमियाणा में डॉक्टरों के पदों को भरकर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रदेश के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार के पास बजट की कोई कमी नहीं है। सरकार आईजीएमसी में आधुनिक उपकरणों और मशीनों की खरीद के लिए 25 करोड़ रुपये देने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल, सीपीएस संजय अवस्थी, विधायक हरीश जनारथा, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, स्वास्थ्य सचिव एम सुधा देवी, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर अन्य अधिकारी मौजूद रहे।